देवरिया। तरकुलवा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत पचरुखिया के अनुसूचित जाति के प्रधान ने गांव के प्राथमिक विद्यालय की हेडमास्टर और उनके पति पर अभद्रता और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाया है़। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर प्रधान ने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में इस प्रकरण को उठाने की बात कही है।
विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत पचरूखिया के प्रधान प्रहलाद कुमार ने बीएसए अधिकारी को शिकायती पत्र देकर कहा है कि वह अनुसूचित जाति वर्ग के ग्राम प्रधान हैं। वह 14 मार्च को गांव के प्राथमिक विद्यालय के रसोई घर का निरीक्षण करने गए थे, इस दौरान हेडमास्टर कंचन राय ने उनके साथ अभद्रता करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। कहा कि सुबह 9 से सायं 3 बजे तक विद्यालय प्रांगण में दिखाई न देना। विद्यालय में मौजूद उनके पति भी झगड़ा करने लगे। बीएसए शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिली है, मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद