देवरिया। यशोदा देवी बालिका इंटर काॅलेज घांटी के बाह्य परीक्षक और लिपिक के बीच लेनदेन के लिए वायरल हुए आडियो के मामले में यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय ने कार्रवाई करते हुए परीक्षा दूसरे विद्यालय पर कराने का निर्देश दिया है। इसका पर्यवेक्षक राजकीय इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य को बनाया गया है। हालांकि जिला विद्यालय निरीक्षक ने अपने आदेश में वायरल आडियो का उल्लेख नहीं किया है।
भटनी क्षेत्र के यशोदा देवी बालिका इंका घांटी में भौतिक विज्ञान विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा में नियुक्त परीक्षक व काॅलेज के लिपिक के बीच एक बातचीत का आडियो वायरल हुआ था। इसमें लेनदेन की बात कही गई थी। इसके बाद यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय ने प्रयोगात्मक परीक्षा को निरस्त करते हुए किसी अन्य विद्यालय पर परीक्षा कराने के निर्देश दिए थे।
साथ ही भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान विषय के परीक्षकों को बदल दिया है। अब यह परीक्षा बंधूनाथ इंटर काॅलेज इमिलिया में कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक शिवनारायण सिंह ने राजकीय इंटर काॅलेज देवरिया के प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया है। जांच में लेन देन के वायरल आडियो की पुष्टि नहीं हुई। आरोप निराधार पाया गया।