उपकेंद्रों में पानी घुसने से बिजली की आपूर्ति बाधित
देवरिया। तीन दिनों से हो रही बारिश से जनपद की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई है। कई उपकेंद्रों में पानी घुसने के कारण मेन लाइन की आपूर्ति ठप हो गई है। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते बुधवार को आधे शहर की बिजली कई घंटे बाधित रही। जबकि लोकल फाल्ट और उपकेंद्र में आई खराबी से ग्रामीण क्षेत्र की बिजली गुल है। सैकड़ों गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कुछ जगह ट्रांसफार्मर जलने और पोल गिरने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही।
दिन में करीब 10 बजे और 12 बजे शहर के रामलीला मैदान विद्युत उप केंद्र में आई खराबी के कारण भुजौली कॉलोनी सीसी रोड देवरिया खास रामनाथ देवरिया सहित आधा दर्जन मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। लोकल फाल्ट के कारण भटवलिया उपकेंद्र से आपूर्ति बाधित रही। शहर के पुरवा स्थित बिजली उपकेंद्र में घुटने भर पानी लगने के कारण पचास से अधिक गांवों बिजली गुल रही। उपकेंद्र में गड़बड़ी आ जाने से रात में करीब 11 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही, जो सुबह बहाल हो सकी। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। बारिश के कारण भाटपाररानी, गौरी बाजार, सलेमपुर, बरहज, रूद्रपुर तहसील क्षेत्र के सैकड़ों गांवों की बिजली गुल रही। अधीक्षण अभियंता जीसी यादव ने बताया कि बारिश के कारण कुछ समय के लिए बिजली बाधित रही है। सभी जगहों पर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।