रामपुर बुजुर्ग। बनकटिया उपकेंद्र से जुड़े करीब 65 गांवों की बिजली आपूर्ति बुधवार की सुबह करीब 6:30 बजे अचानक ठप हो गई। करीब 11 घंटे तक बिजली गुल रहने से 65 गांवों के उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। शाम करीब 5:45 बजे आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बिजली कटौती के कारण घरों में पंखे, कूलर और अन्य बिजली उपकरण पूरे दिन बंद पड़े रहे। उमस के चलते बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की परेशानी बढ़ गई। बिजली नहीं रहने से कई स्थानों पर पानी के मोटर नहीं चल सके। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो सके। अधिकतर इन्वर्टर भी जवाब दे गए।
फोटोस्टेट, साइबर कैफे, मोबाइल रिपेयरिंग, वेल्डिंग, आटा चक्की, इलेक्ट्रॉनिक दुकानों और कोल्ड ड्रिंक व डेयरी उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों का कामकाज प्रभावित रहा। अवर अभियंता अवधेश कुमार ने बताया कि लाइन पर पेड़ की डाल गिरने और कई इंसुलेटर पंक्चर हो जाने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई थी। तकनीकी खराबी दूर कर शाम करीब 5:45 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।