ग्राम सभा की पोखरी में जहर डाला
रुद्रपुर। मदनपुर थाना क्षेत्र देवकली जयराम गांव में ग्राम सभा की पोखरी में जहर डालने से मछलियां मर रही हैं। घटना शनिवार के रात की है। किसी ने आधी रात में पोखरी में जहरीला पदार्थ डाल दिया। गांव के नव निर्वाचित प्रधान ज्ञानमती ने पुलिस को तहरीर देकर जहरखुरानी में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि शनिवार की रात किसी व्यक्ति ने पोखरी में जहरीला पदार्थ डाल दिया। जहर के प्रभाव से पोखरी की मछलियां तड़पकर मर रही हैं। कई कुंतल मछलियां मर कर पोखरी में उपर आ गई हैं। जहरखुरानी से मछलियों की मौत दम घुटने से हो रहा है। मछलियों के तड़पकर मरने से गांव के लोग आहत हैं। उन्होंने ग्राम सभा की अन्य पोखरियों में भी जहरखुरानी की आशंका जताई है। ग्राम सभा की पोखरियों में मछली का पालन किया गया है। जहरखुरानी से ग्राम सभा के राजस्व का भारी क्षति हो रहा है। ग्राम प्रधान ने जहरखुरानी करने वाले अराजकतत्वों की छानबीन कर उनके खिलाफ कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।