खुखुंदू थाना क्षेत्र के रुपई छठ घाट छोटी गंडक नदी में और खजुरी करौता रेलवे लाइन किनारे पांच दिन पहले मिले शवों का मामला, अभी शिनाख्त नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के खजुरी करौता रेलवे लाइन किनारे मिले अधेड़ और रुपई छठ घाट नदी किनारे मिले युवक के शवों का पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम कराया है। इसमें अधेड़ की मौत ट्रेन से गिरने से लगी चोटों के चलते तो युवक की नदी में डूबने (दम घुटने) से मौत होने की पुष्टि हुई है। हालांकि दोनों शवों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के खजुरी करौता गांव में रेलवे लाइन किनारे बृहस्पतिवार को एक तकरीबन 50 वर्षीय अधेड़ का शव देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए आसपास गांवों के लोगों को इकट्ठा किया था। मगर शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।
वहीं, रुपई छठ घाट के पास छोटी गंडक नदी किनारे पानी में उतराता एक 35 वर्षीय युवक का भी शव मिला था। मृतक के चेहरे पर आंख के पास गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में शिनाख्त के लिए रखवाया था। समय अवधि पूरी होने पर सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि अधेड़ की मौत ट्रेन से गिरने के दौरान लगी चोट और युवक की पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। शवों की पहचान के लिए जगह-जगह पंफलेट चस्पा कराया जाएगा। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पहचान के लिए पुलिस प्रयासरत है।