भटनी। मौसेरी बहन के तिलक समारोह से लापता मजदूर का शव सोमवार की सुबह परसौनी गांव के बाहर पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। युवक ने खुद ही फंदा लगाकर आत्महत्या की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। ऐसे में पुलिस ने आत्महत्या की वजह तलाशने के लिए मृतक के मोबाइल को कब्जे में लिया है। भटनी थाना क्षेत्र के सल्लहपुर गांव निवासी विपिन कुमार रविवार की रात मौसेरी बहन का तिलक लेकर साहोपार गांव गया था। रात में साढ़े दस बजे भोजन के बाद वह अचानक समारोह से लापता हो गया। सोमवार सुबह पुलिस को विपिन का शव पेड़ पर एक रस्सी से लटका मिला था।
जानकारी पर पहुंची पत्नी व रिश्तेदारों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए मामले की जांच की मांग की। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि होने के बाद पुलिस आत्महत्या की वजह जानने में जुट गई।
इसके लिए पुलिस ने मृतक का मोबाइल कब्जे में लेकर कॉल डिटेल खंगाल रही है। एसओ अश्वनी प्रधान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत की वजह हैंगिंग से होने की पुष्टि हुई है। आत्महत्या का कारण जानने के लिए मोबाइल कब्जे में लेने के बाद करीबियों से पूछताछ की जा रही है।