तरकुलवा। कस्टर केयर अधिकारी बताकर जालसाजों ने एक व्यक्ति के खाते से एक लाख तीन हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता तिलजला निवासी आरोपी मुहम्मद युसूफ खान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के बघड़ा महुआरी गांव निवासी अयोध्या राय के मोबाइल पर नौ अक्तूबर को एक साइबर ठग ने कॉल कर कहा कि वह योनो एसबीआई के कस्टमर केयर से बोल रहा है। उसने कहा कि आपका फोन-पे बंद चल रहा है। उसके लिए यूजर आईडी और पासपोर्ट के लिए आपका एटीएम कार्ड का लास्ट वाला 6 नंबर और जन्मतिथि चाहिए। इसके बाद योनो एसबीआई चालू हो जाएगा।
उसके कहे अनुसार, उपभोक्ता ने मांगी गई जानकारी शेयर कर दी। कुछ घंटे बाद उपभोक्ता का योनो एसबीआई तो चालू हो गया मगर 11 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर एसएमएस आया कि आपके खाते से 103000 कट चुका है। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर के मोहद्दीपुर स्थित एसबीआई बैंक मैनेजर को इसकी सूचना दी।
बैंक मैनेजर के जरिए पता चला कि उनके रुपये मुहम्मद युसूफ खान के अकाउंट में ट्रांसफर हुआ है, जो कोलकाता का रहने वाला है। इसके बाद उसने तरकुलवा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल के कोलकाता तिलजला निवासी मुहम्मद युसूफ खान के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि इस मामले मुकदमा दर्ज है, जांच चल रही है।