निरीक्षण में खुली जिला अस्पताल की पोल
सीएमओ के निरीक्षण में जिला चिकित्सालय की हकीकत सामने आ गई। एक डॉक्टर समेत 14 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं, दो लोग हाजिरी लगाकर गायब थे। सीएमओ ने सभी से स्पष्टीकरण मांगा है। अस्पताल में गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई।
सीएमओ डॉ. डीके सिंह, एसीएमओ डॉ. एसएन सिंह शनिवार की सुबह नौ बजे जिला चिकित्सालय पहुंचे। उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में मिला कि डॉ. एमएच खान लंबे समय से अनुपस्थित हैं। सर्जन डॉ. राकेश कुमार हस्ताक्षर नहीं बनाए थे, हालांकि वे वार्ड में राउंड ले रहे थे। पोषण पुनर्वास केंद्र में डॉ. सौरभ बरनवाल, अनामिका मिश्रा, विकास मणि अनुपस्थित मिले। जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र में निशांत श्रीवास्तव, अनामिका मिश्रा, दीपक मिश्रा, शौकत अली अनुपस्थित थे। एआरटी के निरीक्षण में डॉटा मैनेजर प्रदीप कुमार चार दिन से नहीं आए थे।
वार्ड ब्वाय प्रेमशंकर लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे थे। मैट्रन सुशीला यादव और रीता दयाल हस्ताक्षर बनाने के बाद अस्पताल में नहीं मिली। जगन्नाथ माली और स्टॉफ नर्स इंद्रावती दो दिन से जबकि सलेहा खातून और नवनाथ प्रसाद शनिवार को अनुपस्थित रहे। साढ़े नौ बजे लैब टेक्नीशियन घनश्याम पांडेय अनुपस्थित पाए गए। सर्जिक वार्ड में सफाई व्यवस्था खराब देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और सीएमएस डॉ. पूर्णमासी कन्नौजिया को इसे ठीक कराने की बात कही। आईसीयू में सबकुछ ठीक मिला जबकि वायो वेस्ट मैनजमेंट के मानकाें का पालन नहीं किया जा रहा था।