रुद्रपुर। गोरखपुर से सटे एकौना थाना क्षेत्र के पचलड़ी चौराहे पर मंगलवार भोर में गोरखपुर की नंबर प्लेट वाली पिकअप पर लदे गोवंश बिहार बॉर्डर की तरफ चले गए और चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सोते रहे। इससे संबंधित एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस ने जांच शुरू करा दी है।
रुद्रपुर-करहकोल मार्ग पर स्थित पचलड़ी चौराहे से होकर लोग गोरखपुर, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, बलिया आदि जिले में आते-जाते हैं। रुद्रपुर और एकौना थाने की सीमा पर स्थित पचलड़ी चौराहे पर एकौना पुलिस की पिकेट ड्यूटी लगती है। मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मी एक दुकान के आगे खटिया डालकर सो रहे हैं और गोवंश लदा पिकअप वहीं से गुजर रहा है।
कहा जा रहा है कि भोर में टहलने निकले किसी शख्स ने पिकअप पर लदे गोवंशों और सो रहे पुलिसकर्मी का वीडियो बना दिया। चर्चा है कि पिकअप में पशु तस्कर थे। उनमें से एक शख्स पूर्व में गो तस्करी में पकड़ा जा चुका है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। क्षेत्र में पहले भी नगवा, सरांव और धर्मपुर कछार के समीप पशु तस्करी के मामले पकड़े जा चुके हैं। यह मामला इसलिए भी गंभीर है कि बीते सप्ताह ही सटे गोरखपुर के झंगहा इलाके में पशु तस्करों का पुलिस ने पीछा करने का दावा किया था। इसके बाद से ही पुलिस लगातार सख्ती और जांच की बात भी कह रही है। जबकि गोरखपुर से ही तस्कर गोवंश लेकर देवरिया में प्रवेश करते दिख रहे हैं। सीओ हरिराम यादव ने कहा कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है, प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।