देवरिया। भूमि विवाद के मामलों को चिह्नित कर पुलिस एक सप्ताह तक पक्की पाबंदी के लिए विशेष अभियान चलाएगी। इसके लिए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और बीपीओ को निर्देश दिया है। इसमें आईजीआरएस के लंबित और निस्तारित मामलों का भौतिक सत्यापन करेगी। इतना ही नहीं विवादित जमीनों का जब्तीकरण भी किया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी जाएगी।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि धारा 117 के तहत पक्की पाबंदी का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आईजीआरएस पर आए मामले और थाना क्षेत्र के छोटे-बड़े सभी भूमि विवाद के मामले पुलिस सूचीबद्ध कर रही है। ऐसे सभी लोगों की पक्की पाबंदी की जाएगी। ताकि इसका उल्लंघन करने वालों पर आर्थिक रूप से मोटी रकम का चोट लगने का भय रहे। एडीजी अखिल कुमार के नए आदेश के तहत जिले के सभी सीओ को इसकी मानीटरिंग के लिए लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जिन जमीनों के विवाद को लेकर बड़ी घटना की आशंका होगी उसकी पूरी रिपोर्ट तैयार कर जब्तीकरण की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी न्यायालय में पुलिस पेश करेगी ताकि भूमि पर दोनों पक्ष न जाएं।