देवरिया जनपद के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने करीब आठ दिन पहले शक जाहिर किया था कि उसके मासूम पुत्र की हत्या कर पत्नी और उसके प्रेमी ने ठिकाने लगा दिया है। मामले की जांच कर रही पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह मासूम का मझना नाले के पास दफन किया गया शव बरामद किया है।
थाना क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी एक व्यक्ति दिल्ली में नौकरी करता है। वह पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि कुछ माह पूर्व वह बाहर काम करने के लिए गया था। 18 सितंबर को जब घर वापस लौटा तो मेरी पत्नी व छह वर्षीय बेटा घर पर नहीं थे। आस-पास लोगों से पूछताछ किया तो दिल दहला देने वाली बात पता चली।
इसे भी पढ़ें: अनाथ आश्रम की आड़ में बेचे जा रहा थे बच्चे, अपने ही बुने जाल में फंस कर गिरोह का हुआ भंडाफोड़
पति का आरोप है कि मेरे बाहर रहने के दौरान मेरी पत्नी के गहरे संबंध गांव के ही एक दबंग व्यक्ति से हो गया है। वह अक्सर मेरे घर पर आने-जाने लगा। लोगों से पता चला कि 13 सितंबर की शाम वह मेरे घर पर आया। राज खुलने के भय से दोनों ने मिलकर मेरे पुत्र की हत्याकर शव को ठिकाने लगा दिया। इसके बाद पत्नी अपने मायके चली गई।
पुलिस ने सुबह मझना नाले के पास दफन किए गए शव को बाहर निकालकर मौत के कारणों को जाने के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ विपिन मलिक ने बताया है कि पिता बाहर रहता था, उसने शक जाहिर किया है कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।