रामपुर कारखाना। अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा, देवरिया के जिलाध्यक्ष शम्भू शरण कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उन्हें जनपद हरदोई में शिल्पी कुशवाहा को न्याय दिलाने के समर्थन में जाने से रोक दिया। शंभूशरण ने बताया कि 22 अप्रैल की रात करीब 10 बजे वह अपनी टीम के साथ हरदोई के लिए निकलने की तैयारी में थे, तभी रामपुर कारखाना थाना पुलिस व क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी पुलिस बल के साथ उनके आवास पर पहुंच गए।
आरोप है कि पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने नहीं दिया और रात 10 बजे से लेकर अगले दिन दोपहर 12 बजे तक ‘हाउस अरेस्ट’ कर रखा। इस दौरान उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिलाध्यक्ष का कहना है कि उन्हें शिल्पी कुशवाहा के समर्थन में चल रही न्याय की लड़ाई में शामिल होने से रोका गया, जो समाज की आवाज दबाने का प्रयास है। आरोप है कि पुलिस ने उनका मोबाइल भी अपने पास रख लिया था। उन्होंने कहा कि जब तक शिल्पी कुशवाहा को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।