रंगदारी मामले में पुलिस ने दो युवकों को भेजा जेल
देवरिया। गौरीबाजार उपनगर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स प्रतिष्ठान से रंगदारी मांगने के मामले में रविवार को पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एक युवक के पास से एक कट्टा तथा एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया।
उपनगर के बस स्टेशन रोड स्थित प्रभात इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर नौ अक्तूबर को दोपहर में एक युवक पहुंचा और अपना मोबाइल फोन देते हुए बात करने को कहा। दुकानदार ने बात की तो फोन पर व्यक्ति ने अपना नाम जेल मे बंद विवेक सिंह बताया और कहा कि हमारी शीघ्र ही जमानत होने वाली है। जेल से छूटकर मैं फिर क्षेत्र में आऊंगा। उस आदमी को एक लाख रुपये दे दो। हीला-हवाली करने या पुलिस को सूचित किया तो जान से हाथ धो बैठोगे। दुकानदार ने पैसा न होने की बात कहीं और देने में असमर्थता जताई। घटना की जानकारी पुलिस को लगी तो वह जांच में जुट गई।
बताया जाता है कि जेल में बंद विवेक सिंह ने कुछ वर्ष पहले उपनगर के ही एक व्यवसायी सेे रंगदारी मांगी थी और न देने पर उसकी हत्या कर दी थी। इसी मामले में विवेक सिंह जेल में बंद चल रहा है। अगले दिन पीड़ित व्यवसायी दुर्गेश विश्वकर्मा ने इसकी शिकायत पुलिस से की। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर घटना की छानबीन में जुट गई। इसी मामले में रविवार को उपनगर के ही रणविजय उर्फ मटेलू पुत्र परमहंस सिंह निवासी ग्राम इंदूपुर थाना गौरी बाजार एवं प्रदीप यादव उर्फ कोइल पुत्र रामाश्रय यादव निवासी ग्राम लुअठहीं थाना रुद्रपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राय ने बताया कि रंगदारी मामले में संदिग्ध दोनों बदमाश कहीं भागने की फिराक में थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम सेंट्रल बैंक के समीप से इन्हें दबोच लिया। प्रदीप यादव के पास से एक कट्टा तथा एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। दोनों को जेल भेज दिया गया है।