खुखुंदू। आपसी बंटवारे को लेकर सुकरौली गांव में चचेरे भाइयों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने प्रधान के पति समेत तीन आरोपियों को जेल भेज दिया है। जबकि दूसरे पक्ष के दो आरोपियों पर शांतिभंग की कार्रवाई हुई है। इस मामले में दोनों की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
सुकरौली गांव निवासी प्रधान के पति अभय कुमार कुशवाहा और चचेरे भाई हरिकेश कुशवाहा के बीच आपसी बंटवारे को लेकर शनिवार को मारपीट हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में प्रधान पक्ष के लोग टांगी लेकर हरिकेश के घर में घुसकर वार करते दिख रहे हैं। हरिकेश कुशवाहा की तहरीर पर प्रधान लक्ष्मी देवी, प्रधान के पति अभय कुमार, भाई हरिवंश, प्रभावती देवी और पिता रामबिलास पर घर में घुसकर हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में पुलिस ने केस दर्ज किया है। दूसरे पक्ष के अभय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने हरिकेश, हरिकेवल, रामप्रवेश, सिंकू देवी समेत पांच पर मारपीट, बलवा का केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।