तरकुलवा। बंजरिया गांव के पास सोमवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सपई नदी के किनारे वृद्ध का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसे मृत समझकर सूचना दी गई थी वह जिंदा निकला।
सूचना पाकर परिजन भी मौके पहुंच गए और अधेड़ को लेकर सीएचसी फाजिलनगर चले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। कुशीनगर जनपद के थाना चौरा खास के सोनबरसा गांव निवासी नंदलाल यादव (65) नदी के किनारे नित्य कर्म करने के लिए रविवार की शाम को गए थे, मगर देर रात तक जब घर नहीं लौटे तो परिजन परेशान होकर खोजबीन करने लगे। सोमवार की सुबह तरकुलवा पुलिस को सूचना मिली कि सपई नदी के किनारे एक शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़ी। जब पुलिस ने चेक किया उसकी सांस चल रही थी। इसी बीच वहां काफी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। तब तक परिजन भी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि शव की सूचना पर पुलिस गई थी। वृद्ध जीवित था, जिसे परिजन इलाज के लिए ले गए हैं। संवाद