रामपुर कारखाना पुलिस ने कार से बरामद किए आठ लाख रुपए
रामपुर कारखाना। वाहन चेकिंग के दौरान रामपुर कारखाना पुलिस ने एक कार से 8 लाख रुपये बरामद किए। वाहन और रुपया कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन भी सतर्क हो गए हैं। अधिकारियों के निर्देश पर हर थाने क्षेत्र में लग्जरी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। बृहस्पतिवार को रामपुर कारखाना थानेदार मनोज कुमार पुलिसकर्मियों के साथ चार पहिया वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान एक कार से आठ लाख रुपये बरामद हुए। चालक और वाहन में बैठे लोग संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। मामला संदिग्ध जान कर पुलिस ने वाहन और रुपये को कस्टडी में ले लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। रुपया एक व्यवसायी का है। कागजात दुरुस्त मिलने पर वाहन और रुपये रिलीज कर दिए जाएंगे।