स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया अस्पताल व पैथालाजी का निरीक्षण
देवरिया। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सलेमपुर उपनगर स्थित आधा दर्जन हास्पिटल, क्लीनिकों व पैथालॉजी का निरीक्षण किया। इस दौरान डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ नहीं मिले। सभी को नोटिस देते हुए तीन का समय दिया गया है।
एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एमपी तिवारी, राय कमलेश्वर श्रीवास्तव, सरोज तिवारी की टीम बृहस्पतिवार को निकली। टीम सलेमपुर उपनगर में पहुंची तो अफरा-तफरी मच गई। टीम स्टेशन ने रोड पर एमडी असलम क्लीनिक, पैथ काइंड व आदित्य पैथालॉजी का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम हरैया वार्ड पहुंची, जहां रमावती हास्पिटल, अपोलो डायग्नोस्टिक का निरीक्षण की। यहां से सोहनाग रोड स्थित तान्या हास्पिटल पहुंची, जहां कुछ मरीज भर्ती पाए गए। एक महिला को आपरेशन से बच्चा हुआ था। टीम ने सोनूघाट स्थित नीलकंठ हास्पिटल का भी निरीक्षण की। इस संबंध में एसीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सलेमपुर उपनगर में करीब आधा दर्जन अस्पताल, क्लीनिक, पैथालॉजी का निरीक्षण किया। पंजीकरण से संबंधित कागजात नहीं उपलब्ध कराया गया। सभी को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में कागजात दिखाने के लिए कहा गया है। ऐसे न करने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।