डकैतों तक पहुंची पुलिस, छह को लिया हिरासत में
लार (देवरिया)। गोरखपुर के गगहा और लार के पिपराडीह ईंट-भट्ठे पर हुई डकैती के मामले में बदमाशों तक पहुंचने में पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस ने छापा मारकर लार थाना क्षेत्र के एक गांव से दो, गोरखपुर से चार बदमाशों को दबोच लिया। सभी को देवरिया जिले के एक थाने में रखा गया है।
पुलिस की पूछताछ में बदमाशों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उनके पास से लूट की रकम और जेवरात भी बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार इस गैंग के तीन बदमाश अभी फरार चल रहे हैं। उनकी तलाश में टीम दबिश दे रही है। सभी नट जाति के बताए जा रहे हैं।
चार दिन पहले गोरखपुर के गगहा इलाके के ईंट-भट्ठे पर हथियारों से लैस करीब दर्जन डकैतों ने मजदूरों को झोपड़ी में बंधक बनाकर 76,300 रुपये, नौ मोबाइल फोन व गहने लूट लिए। वहीं लार नगर के थाने से तकरीबन चार सौ मीटर पश्चिम पिपराडीह ईंट-भट्ठे पर बृहस्पतिवार को छह से अधिक नकाबपोश डकैत चार पहिया वाहन से पहुंचे। बदमाश टीन शेड में सो रहे मजदूरों को एक कमरे में बंद कर दिया। मजदूर पिंकी मुंडा रांची, लक्ष्मीना उरांव के अनुसार 80 हजार रुपये और आभूषण लूट कर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस पहुुंची और बदमाशों की तलाश में जुट गई। जगह-जगह चेकिंग होने लगी। कप्तान ने सीओ की अगुआई में टीम गठित कर जल्द खुलासा का निर्देश दिया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई।
उधर, सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने लार थाना क्षेत्र के एक गांव में छापा मारकर दो बदमाशों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने यहां रिश्तेदारी में रहने की बात कही। पुलिस सूत्रों की मानें तो वे दोनों घटना में शामिल रहे। इसके बाद टीम ने झंगहा और मऊ में छापा मारकर चार बदमाशों को दबोच लिया। उन्हें जिले के एक थाने में रखा गया है। पुलिस पूछताछ कर रही है। लूट की रकम और जेवरात भी उनके पास से बरामद हुआ है। गैंग के तीन सदस्य अभी फरार चल रहे हैं। उनकी तलाश में जिले की एसओजी की टीम मऊ में डेरा डाले हुई है। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि हिरासत में लिए गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
बदमाशों की तलाश में जुटी रही चार जिले की पुलिस
लूट की घटना को अंजाम देने वाले डकैतों की तलाश में चार जिले की एसओजी और थाने की पुलिस टीम जुटी हुई थी। इसकी मॉनीटरिंग देवरिया, बलिया, मऊ, गोरखपुर के एसपी कर रहे थे। आखिरकार देर रात पुलिस को सफलता मिल ही गई। सिरदर्द बने घटना को मुख्यमंत्री ने भी जल्द खुलासे का निर्देश दिया था।