बरहज। एसपी डॉ.संकल्प शर्मा को क्षेत्र की एक महिला ने प्रार्थना पत्र देकर नरक की दुनिया से बाहर निकालने की गुहार लगाई। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। जबकि उसका पिता पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बरहज पुलिस ने इलाके संभ्रांत लोगों से भी मामले के संबंध में पूछताछ की।
सात अगस्त को एक महिला ने एसपी को तहरीर देकर पति और उसके दोस्त पर अश्लील वीडियो बनाकर धंधा कराने का आरोप लगाया। अमर उजाला ने ''साहब! नरक की इस दुनिया से बाहर निकलना चाहती हूं'' शीर्षक से खबर प्रकाशित की तो पुलिस महकमा जागा और मामले की छानबीन शुरू की। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव थाने पर पूरे दिन जमे रहे। उन्होंने मामले में नगर सहित आसपास के गांवों के लोगों का बयान दर्ज किया। लोगों के अनुसार पुलिस ने सुबह और शाम को कपरवार क्षेत्र और नगर के एक वार्ड में दबिश दी है। बताया जा रहा है कि प्रतिष्ठित लोगों का अश्लील वीडियो बनाकर महिला का पति अपने दोस्त के साथ मोटी रकम वसूल रहा था। जिसका विरोध करते हुए महिला ने एसपी को तहरीर देकर गुहार लगाई है। हालांकि मामले को रफा-दफा करने के लिए महिला से दबाव बनाते हुए कुछ लोगों द्वारा धमकी दिए जाने की बात भी सामने आ रही है।
कोट-
महिला ने पति और उसके साथी पर अश्लील वीडियो बनाकर धंधा कराने का आरोप लगाया है। प्रार्थनापत्र के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की गई है। जल्द ही मामला सामने आ जाएगा।
- अंशुमन श्रीवास्तव, सीओ