एसपी प्रभाकर चौधरी आधी रात को बिहार बार्डर पर स्थित मेहरौना चेक पोस्ट का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पर ड्यूटी करने की बजाय अधिकांश सिपाही सोते हुए मिले।
एसपी ने ट्रक चालकों से बात कर चेक पोस्ट पर रकम उगाही की जानकारी ली। एसपी ने लौटते समय लार थाने का भी निरीक्षण किया। एसपी के औचक निरीक्षण से पुलिस वालों में खलबली मची रही।
लार थाना क्षेत्र के बिहार बार्डर पर स्थित मेहरौना चेक पोस्ट से गुजरने वाले माल वाहनों से रकम उगाही की शिकायत एसपी प्रभाकर चौधरी को मिली थी।
एसपी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार रात करीब 12.30 बजे अचानक मेहरौना चेक पोस्ट पर पहुंच गए। वहां अधिकांश सिपाही सो रहे थे।
एसपी ने उधर से गुजर रहे ट्रक चालकों को रोका और चेक पोस्ट पर रकम उगाही होने की बात पूछी। लेकिन ट्रक चालकों ने एसपी को स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
एसपी ने सो रहे सिपाहियों को हिदायत देते हुए वहां से चल दिए। इसके बाद वह लार थाने में पहुंचे। एसपी के औचक निरीक्षण से लार पुलिस की हलचल बढ़ गई है।
बुधवार को पूरे दिन पुलिस महकमे और आम लोगों में एसपी निरीक्षण की चर्चा रही।
इस बाबत एसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि मेहरौना चेक पोस्ट पर तैनात सिपाहियों की शिकायतें मिल रही थी। औचक निरीक्षण कर उन्हें हिदायत दी गई है।