देवरिया-सलेमपुर के बीच पुलिया निमार्ण के लिए जगह-जगह तोड़ी गई सड़क राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। इसकी वजह से शुक्रवार की रात पुरैना से खुखुन्दू तक वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन घंटे प्रयास कि बाद लाठी भांजकर जाम खत्म कराया। इसके बाद आवागमन सुचारुरूप से शुरू हुआ। लोगों का कहना है कि ठेकेदार ने कई दिनों से पुलिया निर्माण के लिए सड़क की खुदाई करा रखी है लेकिन निर्माण नहीं करा रहा है। इसकी वजह से इस मुख्य मार्ग पर परेशानी झेलनी पड़ रही है।
देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग आम दिनों में भी ट्रैफिक ज्यादा रहता है। लगन के कारण इस दिनों सड़क पर वाहनों का और इजाफा हो गया है। फोनलेन स्वीकृत होने के बाद जगह जगह पुलिया निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए तोड़कर छोड़ी गई सड़क राहगीरों के लिए कोढ़ में खाज बन गई है। शुक्रवार शाम करीब सात बजे लगे जाम में पुरैना से खुखुन्दू तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम में फंसे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं कई एंबुुलेंस भी जाम के झाम में जूझती रहीं। इसकी जानकारी होने पर खुखुन्दू और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस वालों ने एक घंटे तक सहूलियत से जाम खत्म कराने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुरैना के समीप जाम में फंसे लोगों पर हल्का बल प्रयोग किया। इससे राहगीरों में अफरा तफरी मच गई। बाइक वालों को सड़क छोड़ खेतों के रास्ते जाना पड़ा।