संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। व्यापारी के बेटे अजय मद्धेशिया को गोली मारने के मामले में वांछित दो आरोपियों की पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। एक आरोपी मन्नू यादव को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। कई जगहों पर दबिश भी दी गई, मगर आरोपी हाथ नहीं आए। अब आरोपियों पर पकड़ने के लिए जाल बिछा रही है।
पुलिस के अनुसार, मझरटिया गांव निवासी 18 वर्षीय अजय मद्धेशिया पुत्र संतोष मद्धेशिया को 29 जून की रात उसके दोस्त मन्नू यादव ने रंजिश वश गोली मार दी थी।
गोली लगने से अजय का इलाज लखनऊ केजीएमयू में चल रहा है। पिता संतोष के मुताबिक, बेटे की हालत में सुधार हुआ है। डॉक्टरों का कहना है कि एक-दो दिन में उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
हल्का दरोगा अभिषेक यादव की तहरीर पर पुलिस ने अजय के दोस्त मन्नू यादव, विशाल और पंकज पर जानलेवा हमले के प्रयास का केस दर्ज करते हुए मन्नू यादव को गिरफ्तार कर लिया था।
दो आरोपी विशाल और पंकज फरार हैं। पुलिस दोनोंं की गिरफ्तार के लिए लगातार छापे मार रही है। हालांकि, पुलिस अब तक चार पहिया वाहन भी बरामद नहीं कर पाई है। पुलिस की टीमेंं वाहन को बरामद करने में जुटी हैं।
थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।