- मोहन मुंडेरा गांव के सद्दाम पर कुछ लोगों ने किया था हमला
- रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। मोहन मुंडेरा गांव के युवक सद्दाम हुसैन की गांव के बाहर बुधवार की देर रात कुछ युवकों ने पिटाई कर दी थी। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसे खोजने निकले। गांव के बाहर सड़क पर बेहोशी ही हालत में मिले सद्दाम को डुमरी पीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर देख डाॅक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार को इलाज कराकर पीड़ित तहरीर लेकर थाने पहुंचा तो पुलिस ने मदद करने की बजाय उसी का चालान कर दिया।
जानकारीकके अनुसार, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के मोहन मुंडेरा गांव निवासी सद्दाम हुसैन (23) बुधवार की शाम बाइक से कहीं गए थे। रात नौ बजे के करीब नहीं लौटे तो परिजन उन्हें लगे। इसी बीच गांव के बाहर सद्दाम गंभीर रूप से घायल, बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उन्हें लेकर डुमरी पीएचसी पर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार को वहां से इलाज कराकर लौटने के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर बगल गांव के कुछ युवकों पर जानलेवा हमला करने, 12 हजार नकदी, घड़ी सहित अन्य सामान छीनने का आरोप लगाकर नामजद तहरीर दी।
आरोप है कि पुलिस ने पीड़ित की मदद करने की बजाय पीड़ित और दो आरोपियों का चालान कर दिया। पीड़ित जमानत कराने के बाद शुक्रवार को मदद की गुहार लगाने दोबारा थाने पर पहुंचा। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कहकर लौटा दिया। सद्दाम के शरीर पर चोट के गंभीर निशान हैं। एसओ गोरखनाथ सरोज ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।