घर से बाहर गया था आरुष, कॉल डिटेल और जगह-जगह लगे कैमरों की डीवीआर खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
भलुअनी। स्थानीय कस्बा के पटखौली वार्ड निवासी और छात्र आरुष गोंड़ 9 वर्ष पुत्र योगेश कुमार गोंड़ 16 अप्रैल की शाम घर से बाहर गया हुआ था। जो संदिग्ध परिस्थिति में गायब हो गया। मामले में पुलिस अपहरण का केस दर्ज कर लोगों के कॉल डिटेल और जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि अपहरण मामले में छह दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। किसी अनहोनी को लेकर परिजन सशंकित हैं।
पटखौली वार्ड निवासी और कक्षा दो के छात्र आरुष के अपहरण मामले में स्थानीय पुलिस के अलावा एसओजी को लगाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि एसपी विक्रांत वीर मामले की कमान स्वयं संभाले हुए हैं। पुलिस घर के अगल-बगल और उससे जुड़े रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज की पड़ताल कर रही है। वहीं घटना के समय मौके पर मौजूद मोबाइलों के लोकेशन का भी जांच किया जा रहा है। हालांकि आरुष का सुराग नहीं लगने और पुलिस के खाली हाथ होने से परिवार के लोग सहमे हुए हैं। पटखौली वार्ड निवासी सोमनाथ गोंड़ पुत्र परशुराम गोंड़ ने पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि 16 अप्रैल की शाम भतीजा आरुष घर से बाहर गया हुआ था। जो गायब हो गया। आरुष का सुराग नहीं लगने पर मां औ परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है। घर में चूल्हा शांत पड़ा हुआ है। आरुष के गायब होने को लेकर मोहल्ले के लोग हतप्रभ हैं। सीओ रुद्रपुर अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही कुछ न कुछ नतीजा सामने आ जाएगा।