देवरिया। शहर के जीआईसी इंटर कॉलेज में पढ़ने गए छात्र न तो गायब हुआ था और न ही उसका अपहरण हुआ था। वह अपने दोस्त के साथ कहीं घूमने चला गया था। परिजनों की सूचना पर उसकी खोज में जुटी पुलिस ने उसे रेलवे स्टेशन रोड के समीप से बरामद कर शुक्रवार की सुबह उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इधर बेटे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। छात्र पीयूष को देखने के लिए मोहल्लेवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
शहर के शिवपुरम कॉलोनी चटनी गढ़ई निवासी ओमप्रकाश यादव का पुत्र पीयूष यादव (13) बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा आठ में पढ़ता है। वह बुधवार को साइकिल और बैग लेकर जीआईसी में पढ़ने के लिए निकला।
वह विद्यालय न जाकर अपने एक दोस्त के यहां साइकिल व बैग रख कर खेलने निकल गया। बुधवार की दोपहर में वह फील्ड की तरफ था, जहां खेलने के बाद अपने एक दोस्त के साथ घूमने चला गया। इधर परिजन उसकी खोज में परेशान रहे।