पुलिस पर फायरिंग करने वाला पूर्व ब्लॉक प्रमुख का बेटा बुलबुल
चाचा और बाबा की जान लेने के लिए आमादा पूर्व ब्लॉक प्रमुख के बेटे ने पकड़ने गई पुलिस टीम पर भी फायरिंग की। घर के अंदर छिपे असलहों से लैस आरोपी युवक को पकड़ने के लिए पहुंची तीन थाने की पुलिस को पांच घंटे प्रयास के बाद सफलता हाथ लगी। युवक के पास से एक लाइसेंसी बंदूक और तमंचा मिला। पुलिस ने गंभीर धाराओं में युवक पर अलग-अलग दो केस दर्ज किया है।
मईल थाना क्षेत्र के नरसिहडाड़ गांव निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश यादव का बेटा बुलबुल उर्फ भीष्म नरायण यादव शनिवार की शाम करीब चार बजे घर में रखी लाइसेंसी बंदूक लेकर अपने दादा राममूर्ति यादव और चाचा को जान से मारने के लिए दौड़ाने लगा। दोनों ने किसी तरह लोग भागकर अपनी जान बचाई और इसकी जानकारी पुलिस को दी। शाम पांच बजे मौके पर पहुंची मईल पुलिस को देख असलहाधारी युवक अंदर से मकान का दरवाजा बंद करके छत पर चढ़ गया। पुलिस वालों ने दरवाजा खुलवाने का काफी प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने घर के चारों तरफ घेरा डाल दिया।
रात करीब आठ बजे युवक छत से फिल्मी अंदाजा में पुलिस को गोली मारने की धमकी देते हुए फायरिंग करने लगा। यह देखकर पुलिस वाले वहां से भाग खड़े हुए। मामला बिगड़ता देखकर भलुअनी और बरहज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और रात करीब 10 बजे घर से भागने की कोशिश कर रहे असलहाधारी युवक को दबोच लिया। युवक के पास से बंदूक के अलवा एक तमंचा और दो खाली कारतूस मिला। युवक के गिरफ्तार नहीं होने तक नरसिहडाड़ा गांव में खलबली मची रही। पुलिस ने इस मामले में पहला केस राममूर्ती यादव की तहरीर पर घर में घुसकर हत्या के प्रयास और दूसरा केस एसओ की तहरीर पर आर्म्स एक्ट व पुलिस टीम पर फायरिंग का दर्ज किया है।