शहर के पुरवां तिराहे पर बुधवार की देर रात पुलिस और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें एक पुलिस की गोली से एक पशु तस्कर घायल हो गया। वहीं दो पशु तस्कर भागने में सफल रहे। घायल तस्कर का इलाज मेडिकल देवरिया में चल रहा है। गिरफ्तार गो तस्कर के पास एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पिकप से छह जीवित और एक मृत पशु समेत कुल सात गोवंश बरामद हुए।
पुलिस को मुखबिर से एक गोवंश लदे पिकअप वाहन के शहर के कसया बाइपास होकर जाने की सूचना मिली। पुलिस ने गोरखपुर ओवरब्रिज के बगल में कुर्ना नाला के पास कसया बाइपास पर घेराबंदी कर दी। पिकप से पशु तस्कर आए तो पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस पर पिकअप चालक ने फुटपाथ पर मोड़ दिया।
इससे पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। चालक के पास आगे बैठे दो व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। चालक सीट पर बैठे व्यक्ति ने वाहन के पीछे की तरफ जाकर वाहन की आड़ से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। पर पुलिस बाल बाल बच गई।
जवाबी कार्यवाही में की गई पुलिस की फायरिंग में चालक के दाहिने पैर में गोली लग गयी और वह घायल होकर गिर पड़ा। नाम-पता पूछने पर घायल ने अपना नाम किशन यादव पुत्र रामरेखा यादव निवासी भरथरी थाना ऊरूवा बाजार जनपद गोरखपुर बताया।
उसके पास से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस 315 बोर व एक जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया तथा उसको देवरिया मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पूछताछ में घायल ने फरार हुए साथियों का नाम ऋषि पाल पुत्र पवन पाल निवासी रघवापुर थाना कोतवाली जनपद देवरिया और अनिकेश पुत्र अज्ञात निवासी माल्हनपार थाना बासगांव जनपद गोरखपुर बताया।
एएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि एक पशु तस्कर घायल हुआ है। दो फरार हो गए हैं। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गो तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।