पुलिस हस्तक्षेप से सुलझा विवाद, बच्चों के साथ ससुराल गई महिला
बरहज। क्षेत्र के परसियां देवार की मंजू देवी बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। पुलिस ने हस्तक्षेप कर समझौता कराया और मंजू की विदाई हुई।
बुधवार को थाने में हुई पंचायत में दोनों पक्षों में सहमति बनने पर मंजू तीन वर्षीय पुत्र आर्यन और मासूम बबली के साथ अपने पति धर्मेंद्र राजभर के घर गई। बताया जा रहा है कि मंजू की शादी पांच वर्ष पूर्व खुखुंदू थाना क्षेत्र के मंगराइच गांव निवासी दीनानाथ के पुत्र धर्मेंद्र से हुई थी। वह सूरत में रहकर मजदूरी करता है। दोनों में अनबन हो जाने के कारण मंजू पिछले एक साल से बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। धर्मेंद्र ने एसपी से पत्नी की विदाई के लिए प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई थी। इंस्पेक्टर टीजे सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की सहमति बनने पर धर्मेंद्र अपनी पत्नी को साथ लेकर गया है।