गुठनी में शराब से भरी कार व बाइक के साथ कारोबारी गिरफ्तार
मेहरौनाघाट। बिहार की गुठनी पुलिस ने यूपी से सीवान ले जाई जा रही शराब से भरी वैगनार और एक बाइक को जब्त कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार की सुबह थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को सूचना मिली कि सोहगरा के रास्ते शराब लेकर जा रहे है। सूचना पाते ही थानाध्यक्ष खुद मय पुलिस बल के साथ चितविश्राव गांव के समीप घेराबंदी कर दी। यूपी की तरफ से वैगनार कार आती दिखाई दी तो उसे जांच के लिए रोका। गाड़ी रोकते ही उसमें बैठे दो युवक भागने की कोशिश करने लगे। इनको बिहार पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। अभी कार को पकड़ने वाली प्रक्रिया चल ही रही थी कि बाइक पर सवार दो युवक शराब लेकर पहुंच गए। हालांकि दूर से पुलिस को देख भागने की कोशिश की मगर सफल नहीं हुए। पकड़ी गई कार व बाइक से 242 बोतल शराब, 10 कार्टून बीयर, 12 बोतल 8 पीएम, 12 बोतल रॉयल स्ट्रांग व 52 बोतल मैक डावल की अंग्रेजी शराब मिली। दोनो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवकों में उमेश यादव निवासी पंडितपुरा थाना बनकटा, मंटू कुमार निवासी पड़ौली थाना पचरुखी, जितेंद्र यादव व गेनालाल यादव निवासी मछौता थाना दरौंदा शामिल हैं। गुठनी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शराब के साथ पकड़े गए चारों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।