बनकटा और गौरीबाजार पुलिस ने पकड़ी शराब
चार लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/भाटपाररानी। बनकटा और गौरीबाजार पुलिस ने तस्करी के लिए बिहार ले जाई जा रही शराब पकड़ी। चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सोमवार की देर शाम बनकटा एसओ गोपाल प्रसाद एसओजी टीम के साथ बदमाशों की धर-पकड़ पर चर्चा कर रहे थे। उसी दौरान फुलवरिया की तरफ से तेज गति से लग्जरी वाहन आ रहा था। शक होने पर उसे रोककर पुलिसवालों ने जांच-पड़ताल की तो उसमें 29 पेटी शराब लदी हुई थी। पुलिस ने वाहन से सतीश कुमार और सुनील कुमार निवासीगण दुजाना, थाना दुजाना, जिला झज्जर, हरियाणा को वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया। वहीं, गौरीबाजार पुलिस ने एक वाहन से 26 पेटी और 650 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस टीम ने गौरव निवासी धनीपुरवा, झज्जर रोड रोहतक, हरियाणा और बिट्टू कुमार निवासी सीन्ड काली थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया। चारों शराब तस्करों को आवश्यक कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बनकटा गोपाल प्रसाद, एसओजी प्रभारी अनिल यादव, विपिन यादव, श्रवण यादव, सुनील यादव, अमित कुमार, धनंजय श्रीवास्तव, राहुल सिंह आदि शामिल रहे। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि बनकटा और गौरीबाजार पुलिस ने शराब के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्करों को जेल भेज दिया गया है।
निर्बाध गति से चल रहा अवैध शराब का धंधा
प्रतिदिन विभिन्न थानाक्षेत्रों से पुलिस बरामद कर रही है अवैध शराब
आबकारी विभाग बना हुआ है मौन, पुलिस कर रही शराब बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में कच्ची शराब का धंधा जोर-शोर से चल रहा है। यह हम नहीं कह रहे हैं। प्रतिदिन जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हो रही कच्ची शराब की बरामदगी इसे तस्दीक कर रही है। पुलिस तो कुछ काम भी कर रही है, आबकारी विभाग तो वह भी नहीं कर पा रहा है। और तो और अवैध शराब के साथ पकड़े गए लोगों की निलंबित दुकानें बहाल कर दी जा रही है।
वर्ष 2016 में बिहार में हुई शराब बंदी के बाद जिले में अवैध शराब का धंधा फलने-फूलने लगा। हरियाणा प्रांत की शराब की तस्करी तो बड़े पैमाने पर हो रही रही है। जिले में कच्ची शराब बनाकर भी बिहार भेजी जा रही है। हालांकि, कच्ची शराब का अधिकांश हिस्सा यहीं खप जाता है। पुलिस विभाग समय-समय पर अभियान चलाकर कच्ची शराब के धंधे पर अंकुश लगाने का प्रयास करता है, लेकिन अभियान बंद होने के बाद यह धंधा फिर से जोर पकड़ लेता है। पुलिस विभाग फिर भी कुछ काम करता है, लेकिन आबकारी विभाग तो अपना काम भी नहीं कर पा रहा है।
इस तरह बरामद हो रही शराब
25 अगस्त- बनकटा पुलिस ने 29 पेटी और गौरीबाजार पुलिस ने 26 पेटी और 650 शीशी शराब बरामद की। चार तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
23 अगस्त- कच्ची शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 35 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 450 लीटर शराब बरामद की।
19 अगस्त- कच्ची शराब के विरुद्ध शुरू हुए अभियान में पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 250 लीटर कच्ची शराब पकड़ी।
18 अगस्त- पुलिस ने 14 लोगों को अवैध कच्ची शराब के धंधे में पकड़ा। उनके पास से 285 लीटर शराब बरामद की गई।
17 अगस्त- पुलिस ने कच्ची शराब के धंधे में लिप्त 15 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 210 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
16 अगस्त- कच्ची शराब के खिलाफ अभियान शुरू किया गया। 29 लोगों को गिरफ्तार कर 350 लीटर शराब और 280 शीशी देशी शराब बरामद की गई।
वर्जन-
कच्ची शराब के निष्कर्षण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। इस बार भी अभियान चलाकर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
- शिष्यपाल, एएसपी।