सोमवार की पूरी रात सरयू नदी पार के गांव परसिया देवार में कच्ची शराब बनाने के अड्डों पर सीओ की अगुवाई में पुलिस ने छापेमारी की। अभियान में जुटी पुलिस सोमवार की रात 11 बजे से मंगलवार की भोर तक कार्रवाई करती रही। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।
ग्राम प्रधान पद के चुनाव के दौरान इलाके में अवैध शराब का कारोबार बढ़ गया है। चुनाव में शराब खपाई जा रही है। सरयू नदी के पार परसिया देवार गांव में अवैध शराब के कारोबार की जानकारी जिला प्रशासन को लंबे समय से मिल रही थी।
सीओ सुधीर शर्मा के नेतृत्व में सोमवार की रात पुलिस और पीएसी के जवानों ने गांव में छापेमारी की। पूरी रात चले अभियान में पुलिस बल ने कच्ची शराब की भट्ठियां तोड़ी।
साथ ही 25 ड्रम में करीब पांच हजार लीटर लहन नष्ट किया। पुलिस ने 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस ने तिवारीपुर के प्रकाश मल्लाह पुत्र जगी मल्लाह को हिरासत में लिया है।