भटनी। नगर के एक मोहल्ले में बंद मकान की खिड़की टूटने और दीवार में गोली धंसने की शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास मौजूद दुकानदारों से पूछताछ की।
लोगों के मुताबिक, दीवार में धंसी गोली जैसी धातु को पुलिस जांच के लिए अपने साथ ले गई। हालांकि पुलिस गोली चलने की बात से इन्कार कर रही है।
जानकारी के अनुसार, भटनी नगर के एक मोहल्ले में स्थित मकान के निचले हिस्से में दुकानदार रहते हैं, जबकि ऊपरी तल बंद रहता है। दो-चार दिन पर एक दुकानदार झाड़ू लगाने के लिए ऊपर का हिस्सा खोलता है और फिर बंद कर देता है।
रविवार को सफाई के दौरान दुकानदार ने खिड़की टूटी देखी। ्दीवार में गोली जैसी धातु धंसी दिखाई दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। एसओ मृत्युंजय राय ने बताया कि मकान हमेशा बंद रहता है। मामले की जांच की जा रही है।