बरहज। देईडीहा गांव के निकट मंगलवार को पुलिस ने चार पशु तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ है। इसमें से तीन तस्कर जौनपुर जिले के और एक आजमगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने सभी का चालान कर दिया। इन पर पहले से भी मामले दर्ज हैं।
बरहज पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि देईडीहा के रास्ते कुछ संदिग्ध बिहार की तरफ जाने वाले हैं। जानकारी होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार संदिग्धों को रोक लिया। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां गांव निवासी शकील अहमद पुत्र स्व.शब्बीर, जौनपुर के सिंगरामऊ थाना के मिश्रौली निवासी आजाद मोहम्मद उर्फ नाटे, सिंगरामऊ के मोहम्मद रऊफ पुत्र गुल्लु उर्फ गुलाम और करीमुद्दीन पुत्र अलाउद्दीन बताया।
तलाशी में शकील अहमद के पास से एक देसी तमंचा, 12 बोर का दो जिंदा कारतूस और आजाद मोहम्मद उर्फ नाटे के पास से एक चाकू मिला। पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता लगा कि ये चारों पशु तस्कर हैं।