भटनी में गिरफ्तार पशु तस्करों के साथ पुलिस टीम। स्रोत पुलिस मीडिया सेल
भटनी। स्थानीय पुलिस ने बुधवार की रात क्षेत्र के पिपरा विठ्ठल गांव के पास से चार पशु तस्करों को छह गोवंश और तीन पिकअप के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी गोरखपुर से पशु लेकर बिहार जा रहे थे। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाने में गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों में तीन खुखुंदू तो एक खामपार इलाके का रहने वाला है। पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने बिहार के विजयीपुर के रहने वाले मास्टरमाइंड के नाम का खुलासा किया। भटनी थाने के उप निरीक्षक बांके यादव हमराहियों के साथ बुधवार की रात गश्त पर निकले थे, तभी मुखबिरों से सूचना मिली कि भटनी के लल्लन चौराहा से घांटी होकर पशु तस्कर गोवंश के साथ बिहार जा रहे हैं। पुलिस मुखबिर को गाड़ी में बैठाकर उनका पीछा किया तो तस्कर पिपरा विठ्ठल गांव के पास सड़क किनारे पिकअप खड़ा कर पशुओं को एक गाड़ी में लाद रहे थे। पुलिस को देख आरोपी खेत में भागने लगे। सिपाहियों ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। पिकअप में लगे तिरपाल को हटाने पर छह गोवंश मिले।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान परमहंस यादव, निवासी बभनी पांडेय, अविनाश यादव निवासी धनवती लाला, संजय बरनवाल निवासी बरडीहा थाना खुखुंदू और बीरू कुमार निवासी भिंगारी बाजार थाना खामपार के रूप में हुई।
कड़ाई से पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह छपिया बाजार गोरखपुर से दो-दो गोवंश लेकर खुखुंदू के धनौती लाला निवासी अविनाश और उनके भाई विपिन यादव के घर लाकर रखते हैं। यहां से बिहार के विजयीपुर थाना क्षेत्र के रंजीत गुप्ता से बात करने के बाद बिहार उनके तबेले पर गोवंशों को भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि फिर उचित समय देखकर गोवंशों को पश्चिम बंगाल भेज दिया जाता है।
उपनिरीक्षक बांके यादव की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों पर गौ हत्या निवारण, पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।