देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा चाक चौबंद रहेगा। तैयार किए गए ब्लूप्रिंट पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मैदान में पीएम की सुरक्षा छह लेयर की होगी।
सुरक्षा की कमान संभाल रहे एडीजी ने मातहतों के साथ कार्यक्रम स्थल पर मीटिंग की और सुरक्षा के बारे में जानकारी जुटाई। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात, संदिग्धों की पहचान, सभी की विधिवत चेकिंग की बात कही। खास हिदायत दी कि कोई भी सुरक्षाकर्मी किसी भी सूरत में जनता से नहीं उलझेगा। वीआईपी क्षेत्र में बिना पास के किसी की भी इंट्री नहीं होगी।
एडीजी प्रशांत कुमार की निगरानी में सुरक्षा का फाइनल चेकअप और रिहर्सल किया गया। बुलेट प्रूफ गाड़ियां, जैमर लगे वाहनों की फ्लीट निकाली गई। कमान सीओ शिताशु के हाथ में रही। मैदान के अंदर सीसीटीवी कैमरे भी लगा दिए गए हैं। आसपास के मकानों पर पुलिस और कमांडों ने डेरा डाल दिया है। एयरफोर्स के कर्मचारी भी मौजूद हैं। मंच के पीछे अस्थाई पीएमओ कार्यालय बनाया गया है, जो सभी सुविधाओं से लैस होगा।
सीसीटीवी के लिए बगल में एक कक्ष भी तैयार किया गया है। बुधवार को मोदी की होनी वाली रैली में सुरक्षा का खास इंतजाम किया गया है। वीआईपी घेरे में एसपीजी जवान के अलावा एडीजी प्रशांत कुमार, आईजी मोहित अग्रवाल मुख्य होंगे। 11 पुलिस अधीक्षक में मोहम्मद इमरान, राहुल यदुवेन्द्र एटीएस सीतापुर, संतोष मिश्र, अवधेश पांडेय, राजीव मल्होत्रा, अतुल शर्मा, माधव प्रसाद शर्मा और एसीओ ललित शर्मा को तैनात किया गया है।
तीन पुलिस अधीक्षक सादी वर्दी में तैनात रहेेंगे। कानपुर, वाराणसी, बरेली और गोरखपुर जोन से 12 अपर पुलिस अधीक्षक की तैनाती होगी। एएसपी एनके सिंह भी मौजूद रहेंगे। 22 क्षेत्राधिकारी, 50 इंस्पेक्टर, उप निरीक्षक मौजूद होंगे। जिले के सभी थानेदार फोर्स के साथ सुरक्षा में रहेंगे। 1078 पुलिसकर्मी मैदान में होंगे। जिसमें 300 महिला पुलिसकर्मी हैं।