जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा की ओर से रोजगार मेला/वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
नागरिकों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया। कौशल विकास योजना के तहत समस्त ट्रेड के प्रशिक्षणार्थियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बैंक का पास-बुक वितरित किया गया।
राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत शहर के भुजौली कॉलोनी स्थित पार्क में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनिता श्रीवास्तव ने कहा कि देश की तरक्की में योगदान के लिए महिलाओं का योगदान सराहनीय है।
समाज के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं को आगे आना चाहिए। सरकार महिलाओं की कल्याण के लिए अनेक योजनाओं का संचालन कर रही है। जरूरत है महिलाओं को भागीदारी सुनिश्चित करने की।
नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि महिलाओं को छोटे उद्योग में काम करने की जरूरत है। परियोजना अधिकारी डूडा सतीश सिंह ने रोजगार मेला के उद्देश्य और औचित्य पर प्रकाश डाला।
इस मेले में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने ऋण के लिए आवेदन को स्वीकृत करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कैप्टन आलोक शेखर तिवारी , सहायक परियोजना अधिकारी दुर्गा प्रसाद पांडेय, अमिताभ नारायण सिन्हा, पीएनबी के जिला समन्वयक मनोज कुमार श्रीवास्तव, इलाहाबाद बैंक के मुख्य प्रबंधक संदीप दुआ, स्टार्ट अप के संदीप तिवारी, सिटी मिशन मैनेजर जितेंद्र त्रिपाठी, मोहम्मद इल्तिजा, रमेश मल्ल, मारकंडेय गिरी आदि मौजूद रहे।