देवरिया। शहर में आबादी के बीच खुलीं निर्माण सामग्री की दुकानें और मलवा लोगों की सेहत बिगाड़ रहा है। दुकानदारगिट्टी, बालू और अन्य निर्माण सामग्री सड़कों के पटरियों पर रखते हैं। इसके अलावा शहर में जगह-जगह पड़े कूड़े को भी लोग जला रहे हैं। इससे निकलने वाले धुंआ वायु की गुणवत्ता के सुधार में बाधा बन रहा है।
शहर में प्रदूषण बढ़ने और हवा की सेहत खराब करने में सड़कों के किनारे रखे गए बालू, गिट्टी और निर्माण सामग्री की बड़ी भूमिका है। शहर के कसया रोड, भुजौली कालोनी, सीसी रोड,रूद्रपुर मोड़, भटवलिया समेत 30 से अधिक स्थानों पर गिट्टी बालू की दुकानें हैं, जहां पर सड़कों के किनारे बालू और निर्माण सामग्री खुले में रखा गया है। थोड़ी भी हवा चलने पर बालू बिखरने लगता है। हवा में उड़ने वाले बालू के कण उधर से गुजरने वाले राहगीरों को परेशान करते हैं। अभियान चलाकर बालू और निर्माण सामग्री सड़क की पटरियों पर रखने वालों पर कार्रवाई की जाए तो बढ़ते प्रदूषण में रोक लग सकती हैं।
सड़क की पटरी या सड़क पर बालू या निर्माण सामग्री रखने वालों को नोटिस दिया जाता है। नहीं मानते हैं तो जुर्माना की कार्रवाई इनके खिलाफ की जाती है। - रोहित सिंह, ईओ