बरहज रामजानकी मार्ग पर सड़क के किनारे खाई में मिली पशुओं से लदी पिकअप स्रोत जागरुक पाठक
बरहज/कपरवार। कपरवार घाट के पास शनिवार की भोर में पुलिस ने सड़क पर कांटा बिछाकर पशु तस्करों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। उधर, तस्कर गोरखपुर जनपद के पटना और देवरिया जिले के कपरवार पुलिस पिकेट को पार करते हुए गोवंशों से लदी पिकअप लेकर आसानी से बरहज कस्बे के नजदीक लवरछी वार्ड तक पहुंच गए।
यहां तेज रफ्तार की वजह से अनियंत्रित पिकअप सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। इसके बाद तस्कर गाड़ी छोड़कर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस और पिकअप समेत गोवंशों को थाने ले गई। उधर, कपरवार घाट के पास सड़क पर बिछाई गई कील की वजह से रामजानकी मार्ग पर गाड़ियों की कतार लग गई थी। पशु तस्करों और पुलिस की यह घेराबंदी पूरे दिन चर्चा में रही।
भोर में मुखबिर ने पुलिस को बड़हलगंज के रास्ते गोवंशों से लदी पिकअप के बरहज थाना क्षेत्र के रास्ते बिहार जाने की सूचना दी। लोगों के अनुसार सुबह पांच बजे कपरवार पुलिस चौकी के सिपाहियों ने पानी की टंकी के निकट रामजानकी मार्ग पर लोहे की कील बिछाकर तस्करों की गाड़ी आने का इंतजार करने लगे। सड़क पर कील वाला पट्टा बिछाए जाने के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार के बाद पुलिस कर्मी कील हटा लिए। इसके बाद दोनों तरफ के वाहन आगे बढ़े।
पटना और कपरवार चौकी के पुलिसकर्मी अभी इन सब में उलझे थे, तब तक लवरछी वार्ड के निकट रामजानकी मार्ग के किनारे एक पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। उसमें सवार लोग गाड़ी छोड़कर भाग गए। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो गाड़ी में सात गोवंशों को बांध कर रखा गया था।
इसमें एक गाय, एक बछिया और पांच बछड़े थे। पुलिस ने गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर कान्हा हाउस में शिफ्ट करा दिया। पकड़ी गई गाड़ी आजमगढ़ की बताई जा रही है। एसओ दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि लवरछी के पास गड्ढे में पशुओं से लदी पिकअप होने की सूचना पर पुलिस गई थी। तस्कर गाड़ी और गोवंशों को छोड़कर भाग गए थे।