भटनी। घने कोहरे के कारण बुधवार की देर रात 115 नंबर रेलवे गेट के पास सरिया लदा एक पिकअप पलट गया। बताया जा रहा है कि वाहन चालक कोहरे के चलते आगे का रास्ता नहीं देख पाया और अनियंत्रित पिकअप सड़क के किनारे पलट गया। वाहन चालक को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने वाहन को हटवाकर आवागमन बहाल कराया।
जानकारी के अनुसार, पिकअप देवरिया की ओर से सरिया लेकर आ रहा था। रात में बाईपास मार्ग से गुजरते समय रेलवे गेट के पास अचानक घना कोहरा छा गया, जिससे चालक को सड़क का अंदाजा नहीं लग पाया और वाहन संतुलन खो बैठा और पलट गया। पीछे से आ रही वाहनों के चालकों ने पिकअप चालक को बाहर निकाल इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायल चालक को प्राथमिक उपचार दिलाया गया तथा पलटे वाहन को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई गई। सीओ भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई थी, इसी वजह से यह दुर्घटना हुई। संवाद