एकौना। प्रयागराज में महाकुंभ में स्नान करने जा रहे बिहार प्रांत के लोगों से भरी एक पिकअप बुधवार की रात पलट गई। क्षेत्र के नगवा गांव के राप्ती नदी के समीप पलटे वाहन में सवार एक शख्स की मौत हो गई। हादसे में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। घटना का कारण तेज रफ्तार में जा रही वाहन बताया जा रहा है।
पड़ोसी प्रांत बिहार के सिवान जनपद के जीबी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम तरवारा उसरी व आसपास के गांव के लोग बुधवार की रात को पिकअप से स्नान करने के लिए प्रयागराज जा रहे थे। सभी लोग पिकअप पर सवार होकर प्रयागराज जा रहे थे, अभी वे एकौना थाना क्षेत्र के नगवा खास के अंधेरा मोड़ के समीप पहुंचे थे कि अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके चलते पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। जिससे पिकअप में सवार लगभग 21 लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने रोहित प्रसाद (30) पुत्र वीरेन्द्र प्रसाद निवासी तरवारा उसरी को मृत घोषित कर दिया। जबकि गोल्डेन की हालत गंभीर देख बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं अन्य लोग उपचार कराने के बाद अपने परिजनों के साथ चले गए। उधर उसरी में मौत की सूचना पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। गोल्डन की स्थिति गंभीर बनी हुई है।