संवाद न्यूज एजेंसी
बरियारपुर। महुआनी चौराहा के पास बेकाबू पिकअप ने सवारी से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिला व तीन बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल गुड्डू गोंड और ई-रिक्शा चालक को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। ई-रिक्शा सवार शादी में शामिल होने उदयपुरा जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, बेलवनिया उर्फ हाशिमचक निवासी गुड्डू गोंड परिवार के साथ भाई की ससुराल उदयपुरा शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। महुआनी चौराहा पार करते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को ई-रिक्शा से निकाला और एंबुलेंस से महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजवा। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख गुड्डू व ई-रिक्शा चालक को डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे पिकअप चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के सौंप दिया। बरियारपुर थाना प्रभारी त्रिवेंद्र कुमार मौर्या ने बताया कि पिकअप चालक की पहचान रोबिन निवासी संजरपुर, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पूछताछ में उसने बताया कि वह बिहार से माल खाली कर लौट रहा था। नींद लगने से हादसा हुआ है।