तरकुलवा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर रविवार की रात कस्बा में लगे मेला में उचक्कों ने कई महिलाओं के गहने व नकदी उड़ा दिए। मेला से घर लौट रहे एक किशोर को झारखंडी बाबा मंदिर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोकर उसके पास से एक सोने की चेन और दो हजार रुपये छीन लिए। पीड़ित किशोर के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत हरैया निवासी दिग्विजय सिंह कस्बा के वार्ड 14 मीराबाई नगर में घर बनाकर रहते हैं। पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनका बेटा विशाल मेला घूमकर रात में 11:30 बजे के करीब वह वापस लौट रहा था। अभी झारखंडी बाबा मंदिर के पास पहुंचा था कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और उससे पैसा मांगने लगे। जब उसने मना किया तो वे लोग जबरदस्ती उसकी जेब से दो हजार रुपये और गले से सोने का चेन छीनकर फरार हो गए। उधर, सूचना है कि उचक्कों ने रात के मेले में एक दर्जन से अधिक महिलाओं का चेन, मोबाइल व अन्य सामान छीन लिया है। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।