देवरिया। सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी का बिना हेलमेट पहने बुलेट चलाने का एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फोटो में दिख रहा है कि विधायक के साथ पीछे बैठे शख्स ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा है।
वहीं बगल में एक और बुलेट पर दो लोग सवार हैं और उन लोगों ने भी हेलमेट नहीं पहना है। सोशल मीडिया यूजर्स इस पर सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर इनका चालान कब कटेगा। वहीं विधायक का कहना है कि वे घर के पास एक युवक की बुलेट का ट्रॉयल कर रहे थे।
रविवार को वायरल हुए इस फोटो को देवरिया शहर के पुरवा तिराहे के आसपास का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह शहर में घूमने निकले विधायक ने बुलेट चलाई थी। उसी दौरान किसी ने फोटो खींच लिया था। हालांकि, फोटो काफी दूर से खींची हुई प्रतीत हो रही है।
इस संबंध में विधायक शलभ मणि ने बताया कि पिछले दिनों घर के पास ही एक कार्यकर्ता मिला, जिसने बुलेट खरीदा था। उसके आग्रह पर घर के पास ही ट्रॉयल किया था। सड़क पर बाइक लेकर निकले लोगों को मैं हमेशा ही हेलमेट पहनने की सलाह देता रहा हूं।