पीईटी की परीक्षा देकर बाहर आते परीक्षार्थी
देवरिया। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के रविवार को आयोजित दूसरे दिन की परीक्षा में दोनों पालियों को मिलाकर 12,852 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 3,948 ने परीक्षा छोड़ दी। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में कुल 16,800 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था थी। इस प्रकार कुल उपस्थिति 76.50 प्रतिशत रही।
पहली पाली में 8,400 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 6,450 ने परीक्षा दी, जबकि 1,950 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 76.79 प्रतिशत रही। वहीं दूसरी पाली में 6,402 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 1,998 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति 76.21 प्रतिशत दर्ज की गई।
दूसरी पाली में शिवाजी इंटर कॉलेज में सर्वाधिक 78.65 प्रतिशत उपस्थिति रही। यहां 384 में से 302 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज में 384 के सापेक्ष 301 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। यहां उपस्थिति 78.39 प्रतिशत रही। सरस्वती सीनियर सेकेंडरी विद्या मंदिर में 600 में से 470 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। डीएमटी पब्लिक स्कूल में 504 में से 392 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
दोनों पालियों में प्रश्नपत्र का स्तर परीक्षार्थियों को मिला-जुला लगा। सुबह की परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले परीक्षार्थी आपस में प्रश्नपत्र के सवालों और उनके संभावित उत्तरों पर चर्चा करते नजर आए। कोई सही उत्तर को लेकर आश्वस्त दिखा तो कोई छूटे हुए प्रश्नों को लेकर अपने साथियों से चर्चा करता रहा। परीक्षा समाप्त होते ही रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन की तरफ जाने वाले परीक्षार्थियों में जल्द-से-जल्द घर लौटने की होड़ दिखी। इससे शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।