आईएमए के चिकित्सकों ने शहर में निकाली साइकिल रैली।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। नेशनल मेडिकल कमीशन बिल के विरोध में रविवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के बैनर तले प्राइवेट डॉक्टरों ने साइकिल यात्रा निकाली। शहर में भ्रमण करने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद कलराज मिश्र के आवास पहुंचे और उनके प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा।
संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. एचसी अरोरा ने कहा कि लागू हुए नेशनल मेडिकल कमीशन बिल लागू होने से गरीबों का इलाज महंगा होगा। कॉरपोरेट घरानों को बढ़ावा देने के लिए सरकार यह गरीब विरोधी काम कर रही है। डॉक्टरों के विरोधी बिल में कई खामियां हैं। उन्होंने बताया कि इस बिल के विरोध में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रविवान खेड़कर के नेतृत्व में 25 फरवरी को कन्याकुमारी से यात्रा का शुभारंभ किया गया है जो 25 मार्च को नई दिल्ली में समाप्त होगी।
शहर में सुबह टाउनहॉल से शुरू हुई साइकिल यात्रा सुभाष चौक, मालवीय रोड, आरएलबीएल चौराहा, मातीलाल रोड, जलकल रोड, जिला अस्पताल, सिविल लाइन होते हुए सांसद के आवास पर पहुंची। इस दौरान डॉ. विपिन बिहारी शुक्ल, डॉ. अवधेश कुमार सिंह, डॉ. जेएन पांडेय, डॉ. रणधीर सिंह, डॉ. संजीव अग्रवाल, डॉ. अनिरुद्ध सिंह, डॉ. सीबी मिश्रा, डॉ. वरेश नागरथ, डॉ. संदीप जायसवाल, डॉ. शमसाद अली, डॉ. अनीश अंसारी, डॉ. नौशाद आलम, डॉ. संतोष आनंद आदि मौजूद रहे।