भटनी विद्युत सबस्टेशन पर ट्रांसफार्मर के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण
क्षेत्र के चार गांवों में 15 दिन से जले हैं ट्रांसफाॅर्मर, जेई के आश्वासन पर माने ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। भटनी में जला ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदलने पर मायापुर गांव के लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को प्रदर्शन किया। अवर अभियंता ने लोगों से बात कर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, इसके बाद लोग माने।
भटनी क्षेत्र के मायापुर, सल्लहपुर, फतेहपुर और लक्ष्मीपुर में करीब 15 दिन से ट्रांसफाॅर्मर जला है। इसके चलते भीषण गर्मी में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग रोज विद्युत उपकेंद्र का चक्कर लगा रहे हैं। आरोप है कि कुछ कर्मी कुछ जगह जुगाड़ से ट्रांसफाॅर्मर भिजवा दे रहे हैं, जबकि इन चारों गांव के लोगों को सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। बुधवार को मायापुर गांव के लोगों का सब्र टूट गया और पूर्व प्रधान तारकेश्वर नाथ तिवारी के नेतृत्व में ग्रामीण नारेबाजी करते भटनी विद्युत सबस्टेशन पहुंच गए। वहां एसएसओ को छोड़कर किसी जिम्मेदार अधिकारी के न होने पर लोग नाराज हो गए। ग्रामीण बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी किए और वहीं धरने पर बैठ गए। कर्मियों से जानकारी मिलने पर जेई पहुंचे और लोगों को मनाने लगे। बृहस्पतिवार को ट्रांसफार्मर लगवाने के आश्वासन पर लोग शांत हुए और घर लौटे। इस दौरान नाराज लोगों ने करीब दो घंटे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी थी। अवर अभियंता शक्ति कुमार सिंह ने कहा कि गर्मी में लगातार ट्रांसफार्मर जवाब दे रहे हैं। देवरिया स्टॉक रूम में अचानक ट्रांसफार्मर जलने से मांग बढ़ गई है। क्रम से ही ट्रांसफार्मर लग रहे हैं। जल्द ही चारों गांवों में ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाएगा। इस दौरान अमित कुमार, राहुल कुमार, जगदीश यादव, रमेश यादव, राकेश चौहान, विपिन तिवारी, चंद्रशेखर चौहान, अजित कुमार तिवारी, उमानाथ प्रसाद आदि मौजूद रहे।