गांव में निगम लगवा रहा केबल, 63 केवीए से आपूर्ति के लिए लगा केबल फटा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के कपरवार के अंसारी मुहल्ले के करीब 50-55 घरों के लोग पांच दिनों से अंधेरे में हैं। जिसे लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध-प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि बिजली निगम गांव में जर्जर तारों को बदलकर केबल लगवा रहा है, लेकिन बर्स्ट हुए केबल की कोई सुधि नहीं ले रहा है, जिससे मुहल्ले में हाहाकार मचा हुआ है।
दोपहर बाद निगम कार्यालय के कर्मचारियों के होने की जानकारी होने पर एक दर्जन महिला-पुरुष चौराहे पर पहुंच गए, लेकिन मौके से कोई कर्मी नहीं मिला। करीब पांच दिनों से केबल बर्स्ट होने के कारण आपूर्ति ठप होने और अधिकारियों-कर्मचारियों के न मिलने पर लोग नाराज होकर प्रदर्शन करने लगे। सभी का कहना था कि मुहल्ले में बिजली न होने से बरसात के मौसम में दिन किसी तरह कट जा रहा है, लेकिन रात काटना मुश्किल हो गया है। जबकि बिजली के उपकरण बैठ गए हैं। अंसारी मुहल्ले में विद्युत आपूर्ति के लिए निगम की ओर से आशा पांडेय के दरवाजे पर 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाया गया है, जिससे मुहल्ले के अलावा चौराहे के कुछ घरों को आपूर्ति दी जाती है। एसडीओ रोहित पांडेय ने कहा कि पता कराकर कमी दुरुस्त करा दिया जाएगा।