सीट के विवाद में रोडवेज की बस पर पथराव, शीशा टूटा
देवरिया। शहर के बस स्टेशन से बृहस्पतिवार को सवारी लेकर कानपुर जा रही परिवहन निगम की एक बस पर दो मनबढ़ युवकों ने सीट पर बैठने के विवाद में सिविल लाइन रोड पर पथराव कर दिया। जिससे बस के चार खिड़कियों का शीशा चकनाचूर हो गया। पथराव में यात्रियों ने किसी तरह अपने आप को चोटिल होने से बचाया। पथराव कर रहे एक युवक को बस चालक और परिचालक ने दौड़ा कर पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
शाम को करीब छह बजे एक रोडवेज की सवारियों से भरी बस गोरखपुर, लखनऊ वाया कानपुर के लिए जा रही थी। बस स्टेशन से कुछ दूरी पर सिविल लाइन रोड पर जिला पंचायत गेट के पास चालक विनोद निगम और परिचालक संदीप मल्ल पहुंचे थे कि दो युवक गोरखपुर जाने के लिए बस में सवार हुए। वे सीट पर बैठने के लिए एक यात्री से भिड़ गए। परिचालक संदीप मल्ल ने दोनों युवकों को दूसरे स्थान पर बैठने को कहा। इस पर दोनों युवक परिचालक से भिड़ गए। वह परिचालक को गाली देते हुए मारपीट करने लगे। बस में सवार यात्रियों ने बीच बचाव कर विवाद कर रहे दोनों युवकों बस से नीचे उतार दिया। बस से उतरते ही दोनों बस पर ईंट, पत्थर फेंकने लगे। बस की खिड़की का शीशा टूट गया। इससे अफरातफरी मच गई। चालक ने जिला पंचायत गेट के सामने बस को रोक दिया। बस से उतर कर चालक, परिचालक ने दोनों युवकों को दौड़ा कर पकड़ लिया। राहगीरों के सहयोग से एक युवक लोगों ने साइन बोर्ड के लोहे के एंगल में बांध दिया ताकि वह भाग न पाए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी महेंद्र मोहन मिश्रा, अनिल तिवारी पहुंचे। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। उसने पुलिस को अपना नाम अमन शाही निवासी शिवपुर, सिघड़िया थाना कूड़ाघाट जिला गोरखपुर बताया है। कोतवाल राजू सिंह ने बताया कि चालक ने तहरीर दी है। कार्रवाई की जा रही है।