लार नगर के युसूफ रोड दरगाह इस्लामिया में चल रहे पन्द्रह दिवसीय शांति एवं मानवता अभियान का समापन रविवार को हुआ। कार्यक्रम में मौजूद सभी वर्गों के लोगों ने गोष्ठी में अपना विचार रखा। इसके अलावा चार लोगों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से नवाजे गए तेज प्रताप सिंह ने कहा कि समाज को जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होना चाहिए। इससे समाज में लोगों के बीच बढ़ी दूरियां मिटती है। जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द के तरफ से शांति एवं मानवता के लिए जो कार्यक्रम किया है। वह सराहनीय है। अध्यक्ष जुबैर मलिक फलाही ने कहा कि देश का विकास शांति एवं मानवता में निहित है। आपसी एकता से ही देश मजबूत बनता है। विविधता में एकता इसकी शक्ति एवं सुंदरता है। शांति एवं मानवता के प्रति काम करने वाले डॉ. तेज प्रताप सिंह, डॉ. छेदीलाल गुप्त, मौलाना मसीहुज्जमा और संत महेन्द्र पाल को सदभावना अवार्ड और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन श्रीराम सिंह, दीनानाथ सिंह, रामज्ञानी कुशवाहा, केदारनाथ ओझा, बीडी लारी, हाजी बशीर अहमद, मो. जावेद, मो. इकबाल, मो. रफीक, डा. रमाकांत त्रिपाठी आदि लोग मौजूद रहे।